मनोरंजन न्यूज़ डेस्क – एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सिंगर दर्शन रावल के बाद अब मशहूर रैपर एमिवे बंटाई ने भी शादी कर ली है। रैपर ने खुद अपनी सीक्रेट वेडिंग की खबर फैंस को बताई है। उनकी शादी की कुछ तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो गई हैं। एमिवे बंटाई को अचानक दूल्हा बनते देख फैंस भी चौंक गए। वहीं उनकी कुछ फीमेल फैंस का दिल भी टूट गया है। तो चलिए जानते हैं शादी की तस्वीरों में क्या-क्या दिख रहा है?
रैपर एमिवे बंटाई की शादी की तस्वीरें वायरल
रैपर एमिवे बंटाई ने इंस्टाग्राम पर एक कोलैबोरेशन पोस्ट शेयर किया है। इस फोटो में वह फ्लोरल डिजाइन की शेरवानी में नजर आ रहे हैं। सनग्लासेस पहने रैपर ने अपनी दुल्हन स्वालिना के साथ ट्विनिंग की है। स्वालिना भी मैचिंग मैरून और पिंक जोड़े में बेहद खूबसूरत लग रही हैं। मिनिमल मेकअप और ट्रेडिशनल जूलरी के साथ सनग्लासेस में स्वालिना मॉडर्न दुल्हन लग रही हैं। दोनों साथ में बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
कौन हैं स्वालिना जिनसे रैपर एमिवे बंटाई ने शादी की है?
आपको बता दें, स्वालिना एक एक्ट्रेस, प्रोफेशनल मॉडल और पॉपुलर म्यूजिक आर्टिस्ट हैं। उनका असली नाम हलीना कुचे है और उनका जन्म 1 जुलाई 1995 को फिनलैंड में हुआ था। स्वालिना ने ढेरों म्यूजिक वीडियो किए हैं। दोनों ने 2023 में सुपरहिट गाने ‘कुड़ी’ में साथ काम किया है। उस वीडियो में रैपर एमिवे बंटाई और स्वालिना की केमिस्ट्री फैन्स को खूब पसंद आई थी। वहीं, अब दोनों ने शादी की तस्वीरें शेयर कर फैन्स को बड़ा सरप्राइज दिया है। लोग उनकी शादी की तस्वीरें देख हैरान और खुश हैं।
फैंस ने कपल को दी बधाई
कपल की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही हैं। फैन्स रैपर एमिवे को उनकी शादी की बधाई दे रहे हैं और उन्हें बेस्ट कपल बता रहे हैं। फोटोज में इस न्यूली मैरिड कपल को खुशी-खुशी डांस करते और एक-दूसरे को माला पहनाते देखा जा सकता है। इससे ज्यादा खुशनुमा शादी की तस्वीरें आपने शायद ही देखी होंगी। ऐसे में ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है।